बालोद जिले के मालीघोरी गांव के पास सोमवार रात राजनांदगांव से बालोद जा रही यात्रियों से भरी बस में अचानक आग लग गई. आग तेजी से फैलने के बाद बस में रखे पटाखे भी फूटने लगे. यात्रियों ने समय रहते बस से उतरकर अपनी जान बचाई. हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है.
सुपर आनंद ट्रेवल्स की 50 सीटर बस, जिसका पंजीकरण नंबर CG 08 4455 बताया गया है, रात करीब 8 बजे नवोदय विद्यालय और कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंची थी. इसी दौरान ड्राइवर के पास से धुआं उठता दिखाई दिया. ड्राइवर ने बस रोककर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग पूरे वाहन में फैल गई.
परिचालक ने यात्रियों को तुरंत नीचे उतरने के लिए कहा. आग की तेजी और पटाखों के धमाकों के कारण यात्रियों को अपना सामान निकालने का मौका नहीं मिला. बस के अंदर रखे बैग और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए.
बस में रखे थे पटाखों के कार्टून
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बस की डिक्की और सीटों के बीच बड़े कार्टून में एक लाख रुपये से अधिक कीमत के पटाखे रखे थे. आग लगने के बाद स्काई शॉट, अनार और रॉकेट जैसे पटाखे जलने और फूटने लगे. करीब आधे घंटे तक धमाकों की आवाज सुनाई देती रही.
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया. बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं, हालांकि उनका सामान जल गया. आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है. नुकसान का आकलन जांच के बाद किया जाएगा और मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद बसों की फिटनेस और यात्रियों के साथ ज्वलनशील सामान ले जाने की जांच को लेकर सवाल उठे हैं.
