छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ में पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान 2,615 किलोग्राम पुराने लोहे के कबाड़ से लदी एक पिकअप जब्त की है. पुलिस के अनुसार, वाहन चालक कबाड़ की खरीद-बिक्री से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. कार्रवाई में कबाड़ और पिकअप समेत कुल 4 लाख 52 हजार 300 रुपये का मशरूका बरामद किया गया.
पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर 2026 की रात झगराखांड थाना प्रभारी के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर गश्त और पेट्रोलिंग की जा रही थी. इसी दौरान सूचना मिली कि मनेन्द्रगढ़ की ओर से एक पिकअप में लोहे का कबाड़ लोड कर उसे अनूपपुर ले जाया जा रहा है. पुलिस ने घुटरीटोला मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया.
दस्तावेज नहीं दिखा सका चालक
पूछताछ में चालक ने अपना नाम अकील अहमद उर्फ मोनू बताया. पुलिस के अनुसार, वह मनेन्द्रगढ़ के वार्ड नंबर 14 का निवासी है. वाहन की तलाशी में 2,615 किलोग्राम पुराना लोहे का कबाड़ मिला. कबाड़ के संबंध में दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका.
पुलिस ने कबाड़ की अनुमानित कीमत 52,300 रुपये और पिकअप की कीमत करीब 4 लाख रुपये आंकी है. कुल जब्ती की कीमत 4,52,300 रुपये बताई गई है. पुलिस मामले में कबाड़ के वास्तविक मालिक का पता लगाने और इसके स्रोत की जांच कर रही है.
कार्रवाई में झगराखांड थाना प्रभारी के साथ सहायक उपनिरीक्षक सुखलाल खलखो, प्रधान आरक्षक शम्भू यादव, आरक्षक रवि शर्मा और साइबर सेल की टीम शामिल रही.
