छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हंसवाही पहाड़ के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल बताए गए हैं. घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है.

स्थानीय जानकारी के अनुसार, बस मनेंद्रगढ़ से केल्हारी की ओर जा रही थी. सेमरमथानी मोड़ के पास बस अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क किनारे खड़े बड़े पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद बस में सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई.

ग्रामीणों ने बचाव कार्य में मदद की

घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की. केल्हारी थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम एंबुलेंस के साथ घटनास्थल पर पहुंची. घायलों को मनेंद्रगढ़ के सिविल अस्पताल और चिरमिरी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किए जाने की जानकारी है.

मनेंद्रगढ़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के अनुसार, करीब 30 घायलों का इलाज मनेंद्रगढ़ में चल रहा है. घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं. हादसे में बस मालिक और चालक के भी मारे जाने की बात सामने आई है, हालांकि मृतकों की पूरी पहचान और भूमिका की आधिकारिक पुष्टि की प्रक्रिया जारी है.

मुख्यमंत्री ने सहायता राशि का ऐलान किया

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों के इलाज और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

केल्हारी थाना प्रभारी मनीष धुबे ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई में जुटी है.