छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ शहर के वार्ड क्रमांक 9 में एक निर्माणाधीन मकान के सामने स्थित गोदाम से अज्ञात चोर करीब 2 क्विंटल लोहे की सरिया, लोहे की ग्रिल और खिड़कियां चोरी कर ले गए. मामले में सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ में शिकायत दर्ज कराई गई है.
पेंड्रा दफाई निवासी हुसैन पिता स्वर्गीय मुनव्वर हुसैन ने 9 सितंबर को पुलिस को लिखित शिकायत दी. शिकायत के अनुसार, मकान का निर्माण कार्य चल रहा है और 5 सितंबर को करीब 6 क्विंटल सरिया खरीदकर मकान के सामने स्थित गोदाम में रखी गई थी.
शिकायतकर्ता के मुताबिक, गोदाम से करीब 2 क्विंटल सरिया के साथ लोहे की ग्रिल और खिड़ियां भी गायब मिलीं. पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है. खबर लिखे जाने तक आरोपियों की पहचान या गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई थी.
रेलवे कॉलोनी में रात की निगरानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र के मौहारपारा और रेलवे कॉलोनी में पिछले कुछ दिनों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं. इन घटनाओं के बाद रेलवे कॉलोनी और आसपास के वार्डों में चिंता का माहौल है.
स्थानीय महिलाओं का कहना है कि वे रात में हाथों में डंडे लेकर अपने घरों और मोहल्ले की निगरानी कर रही हैं. उनका आरोप है कि लगातार घटनाओं के बावजूद कार्रवाई को लेकर लोगों में चिंता बनी हुई है. पुलिस की ओर से मामले की जांच जारी है.
