दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने शुक्रवार को मरौदा रेलवे स्टेशन पर NDRF और SDRF के साथ संयुक्त मॉक ड्रिल की. इस अभ्यास का उद्देश्य ट्रेन दुर्घटना जैसी आपात स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित निकालने, घायलों तक जल्द मदद पहुंचाने और राहत कार्यों के समन्वय की तैयारी को परखना था.
मॉक ड्रिल में ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरने और कोच में आग लगने जैसी परिस्थितियां बनाई गईं. बचाव दलों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से कोच काटकर यात्रियों को बाहर निकालने की प्रक्रिया दिखाई. घायलों को प्राथमिक उपचार देने और आग बुझाने के अलग-अलग तरीकों का भी प्रदर्शन किया गया.
अभ्यास में NDRF की मुंडाली, कटक स्थित बटालियन, SDRF, रेलवे की आपदा राहत टीम, सिविल डिफेंस, स्काउट एवं गाइड तथा रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल हुए. स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीमें भी मौके पर मौजूद रहीं.
राहत और सहायता केंद्र तैयार किए गए
अभ्यास के दौरान प्राथमिक उपचार केंद्र, शव गृह, अधिकारी कक्ष, मीडिया केंद्र, पूछताछ केंद्र, दूरभाष केंद्र और नागरिक सुरक्षा सहायता केंद्र बनाए गए. ART, NDRF, SDRF और रेलवे सुरक्षा बल के लिए भी सहायता केंद्र तैयार किए गए. रेलवे सुरक्षा बल के डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने संदिग्ध विस्फोटक की जांच की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया.
छत्तीसगढ़ शासन और भिलाई इस्पात संयंत्र की ओर से अग्निशमन वाहन और एंबुलेंस उपलब्ध कराई गईं. अपर मंडल रेल प्रबंधक बजरंग अग्रवाल ने बचाव उपकरणों और संसाधनों का निरीक्षण किया. वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव ने कहा कि ऐसे अभ्यास से रेलवे कर्मचारियों और आम नागरिकों को आपदा के समय मदद करने के तरीके समझने में सहायता मिलती है. रेलवे ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से आपात स्थिति में जरूरतमंदों की मदद करने और राहत कार्य में सहयोग की अपील की.
