छत्तीसगढ़ के मरवाही वन परिक्षेत्र में 54 जंगली हाथियों का दल पहुंच गया है. वन विभाग के अनुसार, हाथियों का झुंड फिलहाल पेंड्रा क्षेत्र के दमदम वन क्षेत्र में विचरण कर रहा है. बड़ी संख्या में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है.

जानकारी के मुताबिक, यह दल पहले कटघोरा वनमंडल के पसान क्षेत्र में था. मंगलवार रात झुंड सीमा क्षेत्र में पहुंचा और बुधवार देर शाम बनखेता होते हुए दमदम के घने जंगलों में दाखिल हुआ. विभाग ने पकती धान की फसल और कच्चे मकानों को संभावित नुकसान की आशंका जताई है.

रूमगा, मटियादांड, सेमरदर्री नाका, बहरीझोरकी, मगुर्दा, दानीकुंडी, गुल्लीडांड, मौहरीटोला, कारगिकला, मरवाही और पीपरडोल समेत कई गांवों में मुनादी कराई जा रही है. ग्रामीणों से घरों में रहने, हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और शाम-रात में अकेले जंगल या खेतों की ओर नहीं जाने की अपील की गई है.

वन विभाग ने हाथियों की निगरानी के लिए कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई है. ग्रामीणों को हाथियों को देखने, सेल्फी लेने या पत्थर फेंकने से बचने को कहा गया है, क्योंकि इससे हाथी आक्रामक हो सकते हैं. बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित पक्के मकानों में रखने की सलाह दी गई है. हाथियों की सुरक्षा और करंट से होने वाली दुर्घटनाएं रोकने के लिए जरूरत पड़ने पर संबंधित ग्रामीण फीडरों की बिजली आपूर्ति बंद करने की व्यवस्था भी की गई है.