गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन मंडल क्षेत्र में 10 से 12 हाथियों का दल पहुंच गया है. यह समूह मरवाही वन परिक्षेत्र के मटियाढांढ बीट के अखरादंड कक्ष क्रमांक 2002 में विचरण कर रहा है. हाथियों की मौजूदगी के बाद आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है.

बताया गया है कि कोरबा जिले के पसान वन परिक्षेत्र और आसपास के जंगलों में विचरण कर रहा 52 हाथियों का झुंड अब दो समूहों में बंट गया है. इनमें से एक समूह पसान क्षेत्र में मौजूद है, जबकि दूसरा समूह करीब 10 से 12 हाथियों के साथ मरवाही वन मंडल के जंगलों में पहुंचा है.

हाथियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए वन विभाग उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है. आबादी वाले क्षेत्रों की ओर हाथियों के बढ़ने की आशंका को ध्यान में रखते हुए वन अमला और हाथी मित्र दल निगरानी कर रहे हैं. आसपास के गांवों में मुनादी कराकर भी लोगों को सावधान किया जा रहा है.

ग्रामीणों के लिए वन विभाग की अपील

वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के करीब नहीं जाने और उनका पीछा या उन्हें परेशान नहीं करने की अपील की है. लोगों को खासतौर पर शाम और रात के समय जंगल की ओर जाने से बचने को कहा गया है. हाथियों को देखकर उनके पास जाने या तस्वीर लेने का प्रयास करना भी जोखिम भरा हो सकता है.

मरवाही वन मंडल के डीएफओ श्रीकुमार निशांत ने कहा है कि यदि हाथियों का दल गांव के आसपास दिखाई दे, तो तुरंत वन विभाग या हाथी मित्र दल को सूचना दें. विभाग के अनुसार, संभावित नुकसान रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई है, लेकिन हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.