छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही वन क्षेत्र में 52 हाथियों के दल में एक नए शावक के शामिल होने से झुंड की संख्या 53 हो गई है. वन विभाग के अनुसार, हथिनी ने करीब पांच दिन पहले पसान वन परिक्षेत्र के बनखेता जंगल में शावक को जन्म दिया था. इसके बाद वह बच्चे को लेकर मरवाही के मटियाडांड़ जंगल पहुंच गई.
वनकर्मियों को नियमित गश्त के दौरान बनखेता जंगल के कक्ष क्रमांक पी-163 में प्रसव के बाद निकलने वाला ऊतक मिला था. झुंड में एक हथिनी के गर्भवती होने की जानकारी पहले से विभाग के पास थी. इसके आधार पर अधिकारियों को सूचना दी गई और हथिनी व शावक की तलाश शुरू की गई. बाद में उनकी लोकेशन मरवाही की ओर मिली. हथिनी ने शावक को जिले की सीमा पर स्थित सुखाड़ नाला पार कराकर मटियाडांड़ के जंगल में पहुंचाया.
शावक की सुरक्षा को लेकर निगरानी बढ़ी
हाथियों का दल नवजात शावक को चारों तरफ से घेरकर चल रहा है. झुंड में अन्य शावक भी मौजूद हैं, इसलिए वन विभाग ने लोगों को हाथियों के पास नहीं जाने और उन्हें परेशान न करने की सलाह दी है. आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है.
27 किसानों की धान फसल को नुकसान
हाथियों के अलग-अलग समूहों ने मटियाडांड़ बीट के भटियार, ललमट्टा और अखराडांड़ क्षेत्रों में 27 किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है. खेतों में कटाई के लिए तैयार फसल हाथियों के खाने और पैरों से रौंदे जाने के कारण बर्बाद हुई. कक्ष क्रमांक 2000 और 2002 के आसपास हाथियों की आवाजाही बताई गई है.
वन विभाग प्रभावित किसानों के मुआवजे के प्रकरण तैयार कर रहा है. किसानों का कहना है कि प्रति एकड़ करीब 9 हजार रुपये का मुआवजा नुकसान की तुलना में कम है. विभाग के अनुसार, इलाके में पर्याप्त चारा और धान मौजूद होने से हाथियों के जल्द वहां से जाने की संभावना कम है.
