राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सर संघचालक डॉ. मोहन भागवत 22 और 23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर दौरे पर रहेंगे. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, वे कोनी स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित विजयादशमी महोत्सव में शामिल होंगे और बौद्धिक वर्ग को संबोधित करेंगे.
यह प्रवास रायपुर के बजाय बिलासपुर में हो रहा है. कार्यक्रम के दौरान विभाग टोली और छत्तीसगढ़ प्रांत कार्यकारिणी की बैठक भी प्रस्तावित है. बैठकों में वार्षिक गतिविधियों की समीक्षा के साथ संगठन के विस्तार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही गई है.
प्रांत के पुनर्गठन पर चर्चा
संगठन से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि छत्तीसगढ़ प्रांत को दो हिस्सों में बांटने की तैयारी चल रही है. प्रस्तावित व्यवस्था में बिलासपुर और सरगुजा संभाग को एक हिस्से में, जबकि रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग को दूसरे हिस्से में रखा जा सकता है. इससे एक के बजाय दो प्रांत प्रचारक नियुक्त किए जाने की संभावना है. यह व्यवस्था जनवरी से लागू किए जाने की तैयारी की बात कही गई है, हालांकि अंतिम निर्णय बैठकों के बाद स्पष्ट होगा.
150 पदाधिकारी विभाग टोली की बैठक में होंगे शामिल
संभावित कार्यक्रम के अनुसार, 22 अक्टूबर को मोहन भागवत के बिलासपुर पहुंचने के बाद शाम 7 बजे कोनी में बौद्धिक वर्ग होगा. इससे पहले विभाग टोली की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें करीब 150 पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है. विभिन्न आनुषंगिक संगठनों की प्रांत कार्यकारिणी की बैठक में लगभग 100 पदाधिकारी भाग ले सकते हैं.
संघ की गतिविधियों और शाखाओं को सभी जिलों तक विस्तार देने पर भी रणनीति बनाए जाने की संभावना है. विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने और 40 वर्ष से कम उम्र के लोगों, Gen-Z तथा युवाओं को जोड़ने पर चर्चा होने की बात कही गई है.
