मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में बिजली बिल का भुगतान नहीं होने पर 8 और 9 सितंबर को 500 से अधिक सरकारी स्कूलों के कनेक्शन काटे गए. इन स्कूलों पर 45 लाख रुपये से अधिक का बकाया बताया गया है. बिजली कंपनी के अनुसार, कई बार नोटिस दिए जाने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ था.

अधिकारियों और शिक्षा विभाग के बीच चर्चा के बाद कटे हुए कनेक्शन दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई. सीएसपीडीसीएल के चीफ इंजीनियर एचके मेश्राम ने कहा कि स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसलिए कनेक्शन फिर जोड़े जा रहे हैं और बिल भुगतान के लिए नोटिस दिए गए हैं.

1,775 स्कूल कनेक्शनों पर बकाया

बिजली कंपनी के मुताबिक राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के कुल 1,775 स्कूल कनेक्शनों पर 87 लाख रुपये से अधिक का बिल बकाया है. कंपनी ने इन सभी स्कूलों को भुगतान के लिए नोटिस जारी किए हैं.

डोंगरगढ़ ब्लॉक के मोहारा स्थित हायर सेकंडरी स्कूल का कनेक्शन भी कार्रवाई के दौरान काटे जाने की जानकारी दी गई है. बिजली कंपनी ने बताया कि इन स्कूलों में प्रीपेड मीटर लगाने का काम पूरा हो चुका है, लेकिन उनका संचालन अभी शुरू नहीं हुआ है. पुराने बकाये के भुगतान के लिए स्कूलों को पहले भी कई बार नोटिस भेजे गए थे.

बिजली कंपनी के अनुसार सरकारी विभागों को बकाया बिल चार से पांच किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी गई है. इसके बावजूद भुगतान नहीं होने पर वसूली कार्रवाई शुरू की गई. राज्य के सरकारी विभागों पर कुल बिजली बिल बकाया 117 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है.