छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले के दक्षिण वन परिक्षेत्र में बाघ की गतिविधियों से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है. दो दिनों के भीतर करीब 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में स्थित दो अलग-अलग गांवों के आसपास बाघ की चहलकदमी, पगमार्क और पशु शिकार की जानकारी सामने आई है.
मानपुर ब्लॉक मुख्यालय से लगे ग्राम कलवर के पास शुक्रवार देर शाम बाघ ने खेत में एक किसान के बैल का शिकार किया. खेत गांव से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बताया गया है. किसान और ग्रामीणों को घटना की जानकारी शनिवार सुबह हुई, जिसके बाद क्षेत्रीय वन अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया.
एक से अधिक बाघ होने की पुष्टि नहीं
घटनास्थल पर मिले निशानों के आधार पर कुछ ग्रामीणों ने वहां एक से अधिक बाघ होने की आशंका जताई है. हालांकि वन विभाग का कहना है कि अभी इस संबंध में कोई पुख्ता प्रमाण उपलब्ध नहीं है. अधिकारियों के मुताबिक ट्रैप कैमरे में तस्वीर या अन्य ठोस साक्ष्य मिलने के बाद ही बाघों की संख्या की पुष्टि की जा सकेगी.
इसी बीच महाराष्ट्र और बस्तर सीमा से लगे औंधी-नवागांव उप वन परिक्षेत्र के ग्राम हालेपायली के पास शनिवार को बाघ दिखने और उसके पगमार्क मिलने की जानकारी भी सामने आई. वन विभाग ने इस सूचना की पुष्टि की है.
क्षेत्रीय वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रवीण देहारी के अनुसार, इलाके में ट्रैप कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है. साथ ही वन अमला ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए सुरक्षात्मक उपाय कर रहा है.
