छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 13 नवंबर 2026 को मुंगेली जिले के दौरे पर रहेंगे. वे जिले के ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम में 465 करोड़ 40 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन-शिलान्यास करेंगे.

मुख्यमंत्री 68 करोड़ 14 लाख 52 हजार रुपये की लागत से पूरे हो चुके 24 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे. इसके अलावा 397 करोड़ 26 लाख 30 हजार रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास किया जाएगा.

इन प्रस्तावित कार्यों में लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आदिवासी विकास विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और नगर पालिका परिषद लोरमी से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं. इनका संबंध सड़क, सिंचाई, बुनियादी ढांचे और अन्य जनसुविधाओं से है.

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन और राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के शामिल होने की जानकारी दी गई है. बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक और मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले सहित जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष समेत अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे.