मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के ग्राम कंतेली में 465 करोड़ 40 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. कार्यक्रम में कुल 77 कार्य शामिल रहे. इनमें 68 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाले 24 कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली 53 परियोजनाओं का भूमिपूजन हुआ.

इन परियोजनाओं का संबंध शिक्षा, सड़क, सिंचाई, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से है. जिले में करीब 143 करोड़ रुपए की लागत से 25 सड़क विकास कार्यों और अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपए से अधिक की जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन किया गया. जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाले 11 कार्यों का लोकार्पण भी हुआ.

मुख्यमंत्री ने कंतेली में पंचायत भवन और महाविद्यालय भवन बनाने की घोषणा की. ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका और ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत कराने की बात भी कही गई.

15 नवंबर से धान खरीदी

मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी. किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान 3,100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा. इस वर्ष 360 नए उपार्जन केंद्र खोले जाएंगे और प्रदेश में कुल 3,100 केंद्रों पर खरीदी होगी.

कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि देने की जानकारी दी गई. सहायता के लिए धान की निर्धारित पूरी मात्रा बेचना अनिवार्य नहीं होगा. कम मात्रा में धान बेचने वाले किसान भी सत्यापित रकबे के आधार पर पात्रता के अनुसार सहायता के हकदार होंगे.

कार्यक्रम में हितग्राहियों को आइस बॉक्स, महाजाल, आयुष्मान कार्ड, दिव्यांग सहायता के तहत 50 हजार रुपए का चेक और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकानों की प्रतीकात्मक चाबियां दी गईं.