छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के दशरंगपुर गांव में तीन लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी हादसे के बाद महिंद्रा वीरों वाहन लेकर फरार हो गए थे. उन्हें रायगढ़-ओडिशा सीमा के पास से पकड़ा गया. वाहन भी जब्त कर लिया गया है.
पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6 से 6:15 बजे दशरंगपुर के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को सफेद रंग के वाहन ने टक्कर मारी थी. मृतकों में विधायक मोहले के भाई अधीनदास मोहले (65), बल्लू बघेल (56) और भाठापारा-रेहुंटा निवासी गंगाराम टंडन शामिल थे.
मामले की जांच प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर शुरू की गई. पुलिस का आरोप है कि वाहन विपरीत दिशा में तेज और खतरनाक तरीके से चलाया जा रहा था. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत अपराध दर्ज किया गया. बाद में साक्ष्य मिटाने और आरोपियों की साझा भूमिका से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं.
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद वाहन पर लगे खून के निशान साफ करने और पहचान छिपाने के लिए उसके बोनट को तोड़कर अलग कर दिया गया. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी रायगढ़ से ओडिशा और पश्चिम बंगाल की ओर भाग रहे थे. इसके बाद वाहन रोककर चालक समेत चारों को हिरासत में लिया गया.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नबजीत दास, अनंता विश्वास, कानु विश्वास और सौरव मल्लिक के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, चारों पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं. उन्हें 16 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और 17 अक्टूबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.
