मुंगेली. पर्यावरण संरक्षण और शहर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी की ओर से चलाया जा रहा ‘हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली’ अभियान 10वें वर्ष के अंतिम चरण के साथ पूरा हुआ. अभियान के 11वें चरण में 30 पौधे लगाए गए और पहले लगाए गए पौधों का मेंटेनेंस भी किया गया.

संस्था के मुताबिक, इस साल अभियान के तहत 11 चरणों में कुल 380 पौधे रोपे गए. अंतिम चरण में नीम, कदम, जामुन, गुलमोहर और पेंटाफाम समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए. पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड और बांस लगाए गए हैं.

पौधों की संख्या से ज्यादा संरक्षण पर जोर

संस्था का कहना है कि अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर वृक्ष बनाना है. इसी वजह से पौधरोपण के बाद नियमित देखभाल और संरक्षण पर जोर दिया जाता है. संस्था के अनुसार, पिछले वर्षों में लगाए गए कई पौधे अब बड़े होकर शहर की हरियाली में योगदान दे रहे हैं.

संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि अभियान में पौधों की संख्या से ज्यादा उनके जीवित रहने और संरक्षण को प्राथमिकता दी गई है. उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में भी यह अभियान जारी रखा जाएगा.

सह संयोजक रामशरण यादव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक दिन या मौसम तक सीमित नहीं है. पौधा लगाने के बाद उसकी नियमित देखभाल भी जरूरी है. संस्था का लक्ष्य मुंगेली की सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्थानों पर हरियाली बढ़ाना है.

संस्था के सदस्य अनुराग सिंह के अनुसार, युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना भी अभियान की प्राथमिकताओं में शामिल है. कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, सदस्य और पर्यावरण प्रेमी मौजूद रहे.