दशहरे पर देशभर में रावण दहन की परंपरा है, लेकिन छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले का कंतेली गांव इससे अलग पहचान रखता है. यहां विजयादशमी के दिन रावण का पुतला नहीं जलाया जाता. इसके बजाय कंतेली जमींदारी परिवार की ओर से राजा की सवारी निकाली जाती है.

मुंगेली मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पंचायत कंतेली में यह परंपरा 16वीं सदी से चली आ रही है. दशहरे के दिन राजमहल से निकलने वाली सवारी कुल देवी मंदिर तक जाती है. वहां राजा मां महालक्ष्मी, महासरस्वती और महाकाली की पूजा-अर्चना करते हैं और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है.

44 गांवों के लोग होते हैं शामिल

इस आयोजन में आसपास के 44 गांवों के लोग भाग लेते हैं. सवारी के दौरान नाच-गाना और धार्मिक कार्यक्रम होते हैं. कुल देवी की पूजा के बाद राजमहल में सभा आयोजित की जाती है. इस सभा में ग्रामीण राजा को सोनपत्ती अर्पित करते हैं और आशीर्वाद लेते हैं. स्थानीय स्तर पर इस परंपरा को सामाजिक एकजुटता और राजा-प्रजा के संवाद का प्रतीक माना जाता है.

कंतेली की दशहरा परंपरा की तुलना केरल में मनाई जाने वाली उस मान्यता से की जाती है, जिसमें राजा बली के पाताललोक से लौटकर अपनी प्रजा का हालचाल लेने की बात कही जाती है. कंतेली में भी दशहरे के अवसर पर राजा और ग्रामीणों के बीच इसी तरह के पारंपरिक संवाद की परंपरा बताई जाती है.

जमींदारी परिवार और मंदिर का इतिहास

कंतेली जमींदारी के प्रथम पुत्र गजराज सिंह ने कुल देवी मंदिर का निर्माण कराया था. वर्ष 1944 में राजा पोखराज सिंह द्वितीय के निधन के बाद राजमाता पिनांक कुमारी देवी ने यशवंत कुमार सिंह को दत्तक पुत्र बनाया. इसके बाद मंदिर और उससे जुड़ी परंपराओं के संरक्षण की जिम्मेदारी उन्हीं के पास रही.

बाद में मां महामाया समिति का गठन किया गया, जो नवरात्रि और दशहरे के आयोजनों की देखरेख करती रही. इसी वजह से कंतेली का दशहरा रावण दहन के बजाय धार्मिक अनुष्ठानों, राजा की सवारी और सामुदायिक सहभागिता के लिए जाना जाता है.