मुंगेली में 11वें व्यापार मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं. आयोजन 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है. आयोजक संस्था स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी ने मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया तथा मेला कार्यालय का उद्घाटन किया.

आयोजकों के मुताबिक, सात दिवसीय मेले में 300 स्टॉल लगाने का लक्ष्य रखा गया है. संस्था के सचिव और स्टॉल प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि अब तक करीब 200 स्टॉल बुक हो चुके हैं. उन्होंने कहा कि स्टॉल आवंटन में स्थानीय व्यापारियों को प्रोत्साहन देने की योजना है, ताकि वे भी अपने उत्पादों का प्रचार कर सकें और कारोबार बढ़ा सकें.

शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़े स्टॉल

मेले में छत्तीसगढ़ के स्थानीय उत्पादों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों के उत्पादों को जगह देने की तैयारी है. आयोजकों के अनुसार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, ऑटोमोबाइल, लघु एवं कुटीर उद्योगों से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे. शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले स्टॉल भी लगाने की योजना है.

संस्था का कहना है कि मेले का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर उत्पादों, सेवाओं और सरकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना है. तैयारियों को लेकर हुई बैठक में आयोजन को अधिक उपयोगी और आकर्षक बनाने तथा व्यापारिक गतिविधियों का दायरा बढ़ाने पर चर्चा की गई.

स्थानीय प्रतिभाओं के लिए विशेष मंच

मेला संयोजक रामपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि संस्था पिछले एक दशक से इस आयोजन से जुड़ी है और इस बार मेला 11वें वर्ष में प्रवेश करेगा. उनके अनुसार, आयोजन को व्यापार के साथ सांस्कृतिक और मनोरंजन गतिविधियों का भी मंच बनाया जा रहा है.

अध्यक्ष महावीर सिंह ने आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्था के सदस्यों से जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की. सहसंयोजक रामशरण यादव ने बताया कि मेले के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है और कुछ नई गतिविधियां व विशेष आकर्षण शामिल करने की तैयारी है. आयोजकों के अनुसार, स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अपना हुनर दिखाने के लिए विशेष मंच भी उपलब्ध कराया जाएगा.