छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के नगरनार स्थित NMDC स्टील प्लांट में मंगलवार दोपहर हादसे में एक ऑपरेटर की मौत हो गई. काम के दौरान वह गर्म पिघले लोहे यानी हॉट मेटल की चपेट में आ गया. मृतक की पहचान 31 वर्षीय मंगल साय के रूप में हुई है. वह बस्तर के देवड़ा गांव का रहने वाला था.

जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय प्लांट में लोहे को गलाने का काम चल रहा था. पिघले हुए मेटल की चपेट में आने के बाद ऑपरेटर गंभीर रूप से झुलस गया और कुछ ही समय में उसकी मौत हो गई. मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव की कोशिश की.

मेटल के कुछ ठंडा होने के बाद शव को बाहर निकाला जा सका. हालांकि, मंगल साय गर्म मेटल की चपेट में कैसे आया और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

नगरनार थाना प्रभारी विकेश तिवारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने के बाद हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की बात कही गई है. NMDC प्रबंधन की ओर से घटना पर अब तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है.