छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक आर्ट स्टूडियो से लकड़ी की मूर्तियां और मोबाइल चोरी होने के मामले में पुलिस ने कोंडागांव निवासी 30 वर्षीय मनोज विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी गई 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद की गई हैं. मामले में शामिल बताए जा रहे एक अन्य आरोपी अनिल चंद्राकर की तलाश जारी है.
28 अगस्त को दर्ज हुई थी शिकायत
ग्राम गढ़बेंगाल निवासी पंडी राम मंडावी ने 28 अगस्त 2026 को नारायणपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक, अज्ञात चोर आर्ट स्टूडियो से एक मोबाइल और 17 लकड़ी की मूर्तियां ले गए थे. चोरी गई सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई थी. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक संदीप पटेल के निर्देशन में टीम गठित की गई थी. मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने कोंडागांव के नहरपारा निवासी मनोज विश्वकर्मा को हिरासत में लिया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार की. उसकी निशानदेही पर 12 लकड़ी की मूर्तियां बरामद की गईं.
पुलिस ने आरोपी को 15 सितंबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया. दूसरे आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल देने की अपील की है.
