बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने नारायणपुर वन मंडल में वरिष्ठ वन कर्मचारी नागेश कुमार समरथ के तबादले और उनके स्थान पर कनिष्ठ कर्मचारी राजूराम पोत्ताई की पदस्थापना के आदेश रद्द कर दिए हैं. जस्टिस बिभु दत्ता गुरु ने 12 अक्टूबर को पारित आदेश में कहा कि वरिष्ठ कर्मचारी को हटाकर कनिष्ठ को उसी पद पर नियुक्त करने के पीछे प्रशासनिक आवश्यकता का कोई ठोस कारण नहीं बताया गया.

न्यायालय के समक्ष रखे गए तथ्यों के मुताबिक, नागेश कुमार समरथ की वर्ष 2006 में वनरक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी. वर्ष 2014 में पदोन्नति के बाद उन्हें 12 मार्च 2025 को उप वन क्षेत्रपाल के पद पर पदोन्नत किया गया. इसके बाद 19 जून 2026 को उन्हें नारायणपुर वन मंडल के पश्चिम सोनपुर वन परिक्षेत्र के कंडाड़ी में क्षेत्र सहायक के पद पर पदस्थ किया गया था. उन्होंने वहां कार्यभार संभाल लिया था.

10 जुलाई 2026 को विभाग ने उन्हें पूर्वी सोनपुर क्षेत्र में क्षेत्र सहायक के पद पर स्थानांतरित कर दिया. उसी दिन कनिष्ठ कर्मचारी वनपाल राजूराम पोत्ताई को कंडाड़ी के उसी पद पर पदस्थ करने का आदेश जारी किया गया.

याचिकाकर्ता की ओर से दलील दी गई कि तबादले की जानकारी दिए जाने से पहले ही कनिष्ठ कर्मचारी की पदस्थापना का आदेश जारी कर दिया गया था. इससे संकेत मिलता है कि समरथ को हटाकर कनिष्ठ कर्मचारी को समायोजित करने के लिए कार्रवाई की गई. शासन ने तबादले को प्रशासनिक आवश्यकता के आधार पर उचित बताया.

हाईकोर्ट ने कहा कि आदेश जारी होने का क्रम कनिष्ठ कर्मचारी को समायोजित किए जाने की आशंका को मजबूत करता है. अदालत ने यह भी कहा कि विभाग ने वरिष्ठ कर्मचारी को हटाने के लिए कोई विशिष्ट प्रशासनिक आवश्यकता नहीं बताई. न्यायालय ने कार्रवाई को राज्य शासन की 14 जुलाई 2014 की नीति के विपरीत प्रतीत होने वाला माना. हालांकि, राज्य सरकार को कानून के अनुसार नया आदेश जारी करने की स्वतंत्रता दी गई है.