छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान के दौरान मशीनरी, औजार और तकनीकी उपकरणों का बड़ा जखीरा बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम ने 13 नवंबर को डुंगा और रेकावाया गांवों के जंगलों में यह कार्रवाई की.

बरामद सामग्री में दो ड्रिलिंग मशीन, दो वेल्डिंग मशीन, ड्रिलिंग मशीन का एक मोटर, एक कटिंग मशीन, तीन ब्लोअर, एक बेंच ग्राइंडर, एक टेबल ड्रिल मशीन और दो टेबल ग्राइंडर शामिल हैं. इसके अलावा दो वेल्डिंग होल्डर, 13 वायरिंग बोर्ड, स्प्रिंग वायर, बेंच वाइस, ड्रिल बिट, टैप रिंच, स्पैनर, वी-बेल्ट और अन्य तकनीकी सामान भी मिला है.

पुलिस के मुताबिक, नारायणपुर को सक्रिय माओवादी प्रभाव से मुक्त घोषित किए जाने के बावजूद जंगलों में क्षेत्र प्रभुत्व और तलाशी अभियान जारी रहेंगे. इन अभियानों का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाना, छोड़े गए डंप या उपकरणों का पता लगाना और इलाके में स्थायी शांति व विकास के लिए सुरक्षित माहौल बनाए रखना है.