कांकेर जिले के नरहरपुर थाना क्षेत्र में ग्रामीणों के करीब 40 गौवंशों को गौशाला भेजने के बहाने ले जाकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धमतरी निवासी हेमंत यादव और खरतूली निवासी प्रियेश साहू के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है.
पुलिस के अनुसार, नरहरपुर के वार्ड क्रमांक 8 निवासी रविकांत ठाकुर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि क्षेत्र के ग्रामीणों की गाय और बछड़े 30 सितंबर की रात से लापता हैं. जांच में सामने आया कि हिमांशु तिवारी और गौरव सोरी ने ग्रामीणों से आवारा और लावारिस मवेशियों को धमतरी जिले के सिहावा क्षेत्र के पंडरीपानी स्थित गौशाला भेजने की बात कही थी. इसके बाद करीब 40 गौवंशों को नरहरपुर हाईस्कूल खेल मैदान से पिकअप वाहनों में ले जाया गया.
ग्रामीणों ने जब संबंधित गौशाला में जानकारी ली, तो वहां नरहरपुर से कोई मवेशी पहुंचने की बात सामने नहीं आई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने गौशाला भेजने के बहाने मवेशियों को ले जाने की बात स्वीकार की. मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आठ आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है.
ओडिशा में बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, हेमंत यादव और प्रियेश साहू ने हिमांशु तिवारी और गौरव सोरी के साथ मिलकर मवेशियों को ओडिशा के पापड़ाहांडी ले जाकर 85 हजार रुपए में बेचने की बात कबूली है. पुलिस का आरोप है कि खुद को बचाने के लिए आरोपियों ने दूसरी जगह से मवेशी लाकर उन्हें नरहरपुर से लाए गए मवेशी बताया.
दोनों आरोपियों को धमतरी में घेराबंदी कर पकड़ा गया. उनके कब्जे से बिक्री की रकम में से 32 हजार रुपए, एक मोबाइल फोन और मारुति ब्रेजा कार बरामद की गई. जब्त सामान की कुल कीमत 12 लाख 42 हजार रुपए बताई गई है.
पुलिस के अनुसार, मवेशियों को वाहनों में ठूंसकर ले जाने और पापड़ाहांडी स्थित कत्लखाने पहुंचाने के आरोप में छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराएं 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) लगाई गई हैं. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
