छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही 5,000 बिस्तरों की मेडिसिटी को राज्य में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के प्रमुख केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कैंसर के खिलाफ प्रयास केवल उपचार तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि शुरुआती पहचान और मरीजों को भरोसा देने पर भी ध्यान देना जरूरी है.

रायपुर में आयोजित चौथे बीएमसी छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 में मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमारी की शुरुआती पहचान होने पर प्रभावी उपचार की संभावनाएं बढ़ती हैं. उन्होंने विशेषज्ञों से जांच और उपचार को अधिक सस्ता तथा सुलभ बनाने वाली तकनीकों और उपायों पर विचार करने का आग्रह किया.

सरकार के अनुसार, आर्थिक स्थिति इलाज में बाधा न बने, इसके लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत 25 लाख रुपये तक की मदद दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है. इनमें बीमारी की पहचान के बाद लगभग 40 हजार लोगों को उपचार से जोड़ा गया है.

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य में कैंसर को नोटिफाई किया जाएगा, ताकि मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार हो सके. सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण को मिशन मोड में आगे बढ़ाने की बात भी कही गई.

कॉन्क्लेव में 200 से अधिक राष्ट्रीय और 11 अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ कैंसर की रोकथाम, स्क्रीनिंग, उपचार और अनुसंधान पर चर्चा कर रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग और बालको मेडिकल सेंटर के सहयोग से 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जा चुके हैं. कार्यक्रम में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन परियोजना की शुरुआत भी की गई.