छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव की शुरुआत हुई. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि नक्सलवाद के लिए पहचाना जाने वाला छत्तीसगढ़ अब पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है और बहुराष्ट्रीय कंपनियां राज्य में निवेश के लिए आगे आ रही हैं.

मांडविया ने कहा कि छत्तीसगढ़ विकसित भारत की पहचान बनेगा. आयोजन के समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की बात कही गई है.

सेंध लेक पर वायुसेना का प्रदर्शन

उद्घाटन कार्यक्रम से पहले नवा रायपुर स्थित सेंध लेक पर भारतीय वायुसेना के जवानों ने हवाई करतब दिखाए. सुबह 11:34 बजे सी-295 विमान से आठ जवानों ने 8,000 फीट की ऊंचाई से छलांग लगाई और पैराशूट के सहारे सुरक्षित लैंडिंग की. इसके बाद एमआई-17 हेलिकॉप्टर से रस्सी के सहारे नीचे उतरने का प्रदर्शन किया गया.

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वायुसेना की ‘सारंग’ हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही. ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में चार उन्नत हल्के हेलिकॉप्टरों ने प्रदर्शन किया. टीम ने आसमान में अंग्रेजी के ‘I’ अक्षर, डॉल्फिन फॉर्मेशन और दिल जैसी आकृतियां बनाईं. हेलिकॉप्टरों के तेज रफ्तार में एक-दूसरे के करीब से गुजरने पर लेक किनारे मौजूद दर्शकों ने तालियों और ‘जय हिंद’ के नारों से उत्साह जताया.

विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मान

राज्योत्सव 2026 के अवसर पर कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, शिक्षा, कृषि और लोककला सहित विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पत्रकारिता के लिए प्रमोद साहू को चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पुरस्कार दिया गया. संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने पुरस्कारों की घोषणा की. इस दौरान संस्कृति सचिव डॉ. एस. भारतीदासन और विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे मौजूद रहे.