नवा रायपुर में छत्तीसगढ़ की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित की जाएगी. ₹152.74 करोड़ के निवेश वाली इस प्रस्तावित इकाई से करीब 3,500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है. शुक्रवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मौजूदगी में यश फैन्स की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया गया.

इकाई में बड़े ब्रांड्स के पंखे और किचन अप्लायंसेज बनाए जाने की योजना है. सरकार के अनुसार, परियोजना से छत्तीसगढ़ में विनिर्माण के नए क्षेत्र में निवेश बढ़ सकता है और स्थानीय उद्योगों व कारोबारियों के लिए कारोबारी अवसर पैदा हो सकते हैं. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नवचयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी दिए.

मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास का लाभ राज्य के युवाओं तक रोजगार और आर्थिक अवसरों के रूप में पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है. उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के अनुसार, पिछले ढाई वर्षों में राज्य में छोटे-बड़े 3,000 से अधिक उद्योग स्थापित हुए हैं और इनसे 50,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है. उन्होंने कहा कि आगामी औद्योगिक परियोजनाओं से 1.5 लाख से अधिक रोजगार अवसर बनने की संभावना है.

सब्सिडी प्रावधान बढ़ाने की जानकारी

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि नई औद्योगिक नीति में निवेश के साथ रोजगार सृजन को भी महत्व दिया गया है. उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए सब्सिडी का बजटीय प्रावधान लगभग ₹200 करोड़ से बढ़ाकर ₹1,000 करोड़ से अधिक किया गया है.

नवा रायपुर यानी अटल नगर में गैर-प्रदूषणकारी और रोजगार देने वाले उद्योगों को मंजूरी देने की बात कही गई है. यहां टेक्सटाइल और गारमेंट्स, मॉड्यूलर व लकड़ी के फर्नीचर, मेडिकल डिवाइसेस तथा फार्मा-पैकेजिंग से जुड़ी इकाइयां प्रस्तावित हैं. भारी रासायनिक और दवा कारखानों पर रोक का उल्लेख भी किया गया है.