नवा रायपुर में महानदी भवन के पास बुधवार को कर्मचारियों से भरी एक चलती बस में अचानक आग लग गई. बस में 30 से ज्यादा कर्मचारी सवार थे. घटना के दौरान सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए. किसी के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है.

बताया गया है कि कर्मचारी कार्यालय से घर लौट रहे थे. महानदी भवन के पास पहुंचते ही बस के इंजन और पिछले हिस्से से तेज धुआं उठने लगा. कुछ ही देर में बस में आग और लपटें फैल गईं. धुआं भरने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई.

आग बढ़ती देखकर कर्मचारियों ने बस से बाहर निकलना शुरू किया. कुछ यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई. चालक ने बस रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी.

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची. दमकलकर्मियों ने बस में लगी आग बुझाने की कार्रवाई की. हादसे के बाद एहतियात के तौर पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई.

यह घटना राखी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. बस में अचानक आग कैसे लगी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस और संबंधित टीमें घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही हैं.