नवा रायपुर में बनने वाली हाईराइज इमारतों में अग्नि सुरक्षा, पानी की पर्याप्त उपलब्धता और पार्किंग की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करनी होगी. कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने निर्माण एजेंसियों की बैठक में अधिकारियों को भवन निर्माण से जुड़े सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए. उन्होंने निर्माण के दौरान जरूरी सुरक्षा इंतजामों को प्राथमिकता देने को कहा.

रेडक्रॉस सभाकक्ष में शुक्रवार को हुई बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के स्वीकृत, प्रगतिरत और अब तक शुरू नहीं हुए निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई. कलेक्टर ने ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस), लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), शिक्षा विभाग, नगर निगम और जिला पंचायत समेत अन्य विभागों के कामों की जानकारी ली. उन्होंने सभी स्वीकृत परियोजनाओं को तय समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए.

हाईराइज इमारतों में पार्किंग और अग्निशमन व्यवस्था

बैठक में रायपुर ग्रामीण की पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने हाईराइज इमारतों में पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था पर जोर दिया. कलेक्टर ने इसके साथ ही भवनों में अग्निशमन व्यवस्था, पानी की उपलब्धता और सुरक्षा से जुड़े अन्य जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उपयोग शुरू होने के बाद लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े.

स्कूलों के निर्माण कार्यों में तेजी

कलेक्टर ने समग्र शिक्षा के तहत स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए. वीबी-जी रामजी के तहत स्कूलों में स्वीकृत स्मार्ट टॉयलेट, दीवार निर्माण और फर्श निर्माण सहित अन्य काम जल्द पूरे करने को कहा गया. उन्होंने इन कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए.

अप्रारंभ कार्यों को जल्द शुरू करने और चल रहे निर्माण में तेजी लाने को कहा गया. बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.