नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में शुक्रवार को लिफ्ट अचानक एक मंजिल से दूसरी मंजिल के बीच रुक गई. लिफ्ट में 7-8 अधिकारी और कर्मचारी सवार थे, जो करीब आधे घंटे तक अंदर फंसे रहे.

बताया गया कि लिफ्ट चलते समय अचानक तेज झटका लगा और वह बीच रास्ते रुक गई. इसके बाद दरवाजा नहीं खुला. अंदर मौजूद लोगों में घबराहट फैल गई और उन्होंने मदद के लिए आवाज लगाई.

घटना की जानकारी मिलने पर भवन के कर्मचारियों, सुरक्षाकर्मियों और मेंटेनेंस टीम ने लिफ्ट खोलने की कोशिश शुरू की. करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद दरवाजा खोला गया और सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

घटना के बाद इंद्रावती भवन की लिफ्टों के रखरखाव और नियमित तकनीकी जांच को लेकर सवाल उठे हैं. कर्मचारियों ने लिफ्ट की आवश्यक मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग की है. हालांकि, घटना के संबंध में किसी अधिकारी की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.