नवा रायपुर में मंत्रालय कर्मचारियों को लाने-ले जाने वाली स्टाफ बस में आग लगने की घटना के बाद कर्मचारियों में आक्रोश है. घटना के विरोध में बड़ी संख्या में कर्मचारी मंत्रालय के बाहर जुटे और बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए. कर्मचारियों ने मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
कर्मचारियों का आरोप है कि मंत्रालय के लिए चलने वाली कई बसें पुरानी हो चुकी हैं और उनकी तकनीकी स्थिति संतोषजनक नहीं है. उनका कहना है कि अधिकारियों को पहले भी बसों की हालत के बारे में शिकायत दी गई थी. कर्मचारियों के मुताबिक, मंत्रालय जाते समय कुछ बसें रास्ते में चार से पांच बार तक बंद हो जाती थीं.
फिटनेस और तकनीकी जांच की मांग
कर्मचारियों ने मांग की है कि यदि संभव हो तो नई बसें उपलब्ध कराई जाएं. इसके अलावा मौजूदा बसों की नियमित फिटनेस और तकनीकी जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है. कर्मचारियों ने यह भी सवाल उठाया कि परिवहन विभाग की ओर से होने वाली फिटनेस जांच वास्तव में विस्तृत तकनीकी परीक्षण है या केवल औपचारिक प्रक्रिया.
कर्मचारियों के अनुसार, बस में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है. उन्होंने दावा किया कि इन बसों में पहले भी छोटी-मोटी घटनाएं होती रही हैं और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी जाती रही है.
घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए एक समिति बनाए जाने की बात सामने आई है. प्रस्तावित समिति में मंत्रालय के कर्मचारियों के साथ NRDA, नगर निगम, बस ऑपरेटर और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हो सकते हैं. कर्मचारियों के संघ के साथ बैठक में घटना की जवाबदेही तय करने और भविष्य में ऐसी घटना रोकने के उपायों पर चर्चा किए जाने की बात कही गई है.
