छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दूसरे दिन, 2 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर में कला, संस्कृति, संगीत और लोकपरंपराओं से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित होंगे. तीन दिवसीय राज्योत्सव के मुख्य मंच पर ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य का मंचन किया जाएगा. गायिका स्वास्ति मेहुल समेत अन्य कलाकार संगीतमय प्रस्तुतियां देंगे. शिल्पग्राम में प्रदेश के अलग-अलग अंचलों से आए कलाकार लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रदर्शन करेंगे.

राज्योत्सव के दूसरे दिन होने वाले विशेष समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे. सेंध लेक, नवा रायपुर के ऊपर सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सेना के सारंग हेलिकॉप्टर हवाई प्रदर्शन करेंगे. स्थानीय प्रशासन ने दर्शकों से समय से पहले पहुंचने और आयोजनकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है.

कोयला खदानों को दिए जाएंगे स्टार रेटिंग पुरस्कार

केंद्रीय कोयला मंत्रालय की ओर से मेफेयर लेक रिसॉर्ट, नवा रायपुर में स्टार रेटिंग पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा. केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पांच सितारा रेटेड खदानों को पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगे. इस पहल का उद्देश्य कोयला और लिग्नाइट खनन क्षेत्र में वैज्ञानिक प्रबंधन, परिचालन दक्षता, सुरक्षा और सतत विकास को प्रोत्साहित करना है.

मुख्यमंत्री साय का दिल्ली दौरा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के 2 नवंबर को दिल्ली दौरे का कार्यक्रम है. वे दोपहर 11:50 बजे दिल्ली पहुंचेंगे और एयरपोर्ट से छत्तीसगढ़ सदन जाएंगे. यहां केंद्रीय नेतृत्व से उनकी मुलाकात प्रस्तावित है. रात में वे छत्तीसगढ़ सदन में ठहरेंगे.

त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए दुर्ग से दिल्ली जंक्शन के बीच 2 नवंबर को एक फेरे की फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलेगी. ट्रेन संख्या 08795 सुबह 11 बजे दुर्ग से रवाना होकर रायपुर, उसलापुर, शहडोल, कटनी मुड़वारा, सागर, झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट और मथुरा के रास्ते अगले दिन सुबह 8:30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी. ट्रेन में 18 कोच होंगे.