छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम प्रमुख आकर्षण रहेगी. टीम सोमवार को रायपुर पहुंच गई. राज्योत्सव के दौरान नवा रायपुर अटल नगर स्थित सेंध लेक क्षेत्र के ऊपर हेलिकॉप्टरों से हवाई प्रदर्शन किया जाएगा.

यह तीन दिवसीय आयोजन का हिस्सा होगा. प्रदर्शन में सारंग टीम के सदस्य सटीक उड़ान, सामूहिक तालमेल और अलग-अलग आकृतियों के जरिए अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे. टीम स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर (ALH) ध्रुव का इस्तेमाल करती है.

ध्रुव हेलिकॉप्टरों से दिखेगा टीमवर्क

वायुसेना के पब्लिक रिलेशन ऑफिसर विंग कमांडर देबर्थो धर के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान जवानों के कौशल, अनुशासन और टीमवर्क के साथ स्वदेशी हेलिकॉप्टरों की क्षमता भी प्रदर्शित की जाएगी. सारंग टीम की पहचान हवा में सटीक उड़ान और समन्वित करतबों के लिए है.

टीम के हेलिकॉप्टरों के रंग मोर से प्रेरित हैं. इसका ध्येय वाक्य ‘इंस्पायर थ्रू एक्सीलेंस’ है. सारंग टीम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय वायुसेना का प्रतिनिधित्व करती है.

राज्योत्सव में होने वाला यह प्रदर्शन आम लोगों, विद्यार्थियों और युवाओं को हेलिकॉप्टर उड़ान तथा विमानन क्षेत्र को करीब से देखने का अवसर देगा. आयोजकों के अनुसार, इससे युवाओं को विमानन में करियर और देशसेवा के प्रति प्रेरणा मिल सकती है.