नवा रायपुर के सेंध लेक क्रिकेट स्टेडियम क्षेत्र में भारतीय वायुसेना का सारंग एयर शो एक और दो नवंबर को आयोजित होगा. बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने वाहनों की आवाजाही के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है. इसके तहत तीन मुख्य प्रवेश मार्ग और अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारित किए गए हैं.

आरंग, खरोरा, महासमुंद, बलौदाबाजार और बिलासपुर की दिशा से आने वाले दर्शकों को सेरीखेड़ी-नवागांव मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा. वाहन उमरिया क्षेत्र से होते हुए नवागांव रेलवे क्रॉसिंग पार करेंगे और क्रिकेट स्टेडियम टर्निंग से आगे बढ़ेंगे. इस रूट से आने वाले वाहनों के लिए स्टेडियम के पास पी-7 से पी-10 तक चार पार्किंग स्थल तय किए गए हैं.

रायपुर शहर, धरसींवा, दुर्ग, बालोद, खैरागढ़ और राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहनों को फुंडहर चौक, जैनम तिराहा, सेरीखेड़ी और एयरपोर्ट टर्निंग से आगे बढ़ना होगा. इसके बाद क्रिकेट स्टेडियम और सेक्टर-22 टर्निंग से कबीर चौक पहुंचकर अविनाश उपवन टर्निंग के रास्ते सेंध तालाब की ओर जाना होगा. इस रूट के लिए पी-1 से पी-6 तक पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं.

कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, राजिम और अभनपुर की ओर से आने वाले दर्शकों को माना-तूता मार्ग से सेक्टर-22 टर्निंग पहुंचना होगा. वहां से झांकी और उपरवारा मार्ग होते हुए कबीर चौक तथा अविनाश उपवन टर्निंग के रास्ते निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों तक जाना होगा.

प्रशासन ने रूट के अनुसार पार्किंग बांटी है, ताकि दर्शकों को वाहन खड़ा करने के लिए भटकना न पड़े और कार्यक्रम स्थल के आसपास यातायात दबाव नियंत्रित रखा जा सके.