रायपुर. नवा रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में जनजातीय विद्यार्थियों के लिए प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज भवन और डॉरमेटरी का भूमिपूजन किया गया. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहल प्रदेश के जनजातीय अंचलों के युवाओं, विशेषकर बेटियों, को स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार के नए अवसर देगी.
यह कार्यक्रम अस्पताल में 45 हजार बच्चों की शल्य चिकित्सा पूरी होने के उपलक्ष्य में भी आयोजित किया गया था. मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को चिकित्सा सेवा के साथ मानवीय संवेदना और निःस्वार्थ सेवा का उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि किसी परिवार के लिए बच्चे का स्वस्थ जीवन सबसे बड़ी खुशी होती है और गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों का निःशुल्क उपचार परिवारों को राहत और उम्मीद देता है.
साय ने श्री सत्य साईं हेल्थ एंड एजुकेशन ट्रस्ट, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल की टीम को बधाई दी. उनके अनुसार, चिकित्सा सेवा केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में संवेदना, विश्वास और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम भी है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की आवश्यकता बढ़ रही है. प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज स्वास्थ्य शिक्षा के विस्तार के साथ कुशल मानव संसाधन तैयार करने में मदद करेगा. इससे जनजातीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर मिलेगा.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गरीब, वंचित और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है. सरकारी प्रयासों के साथ सेवाभावी संस्थाओं की भागीदारी इस दिशा में उपयोगी है.
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अस्पताल द्वारा बच्चों के निःशुल्क उपचार और मानव सेवा के कार्यों की सराहना की. उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहे. इसके अलावा ट्रस्ट के पदाधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए.
