नीदरलैंड के लैंडग्राफ में रहने वाली 43 वर्षीय सुनीता अब्दुला अपनी मां जमुना दत्ता को खोजने रायपुर पहुंची हैं. सुनीता के मुताबिक, वह छह महीने की उम्र में मां से अलग हो गई थीं. अब 42 साल बाद उन्हें उम्मीद है कि वह अपनी मां और छोटी बहन शर्मिला से मिल सकेंगी.
सुनीता ने बताया कि 2025 में उनके पिता अब्दुला मुश्तफा की तबीयत खराब हुई थी. उनसे मिलने सऊदी अरब पहुंचने पर पिता ने बताया कि जमुना दत्ता जीवित हैं और रायपुर में रहती हैं. उन्होंने सुनीता को उसकी छोटी बहन शर्मिला के बारे में भी जानकारी दी. इसके बाद सुनीता ने इंटरनेट पर मां को खोजने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली और वह खुद रायपुर आने का फैसला कर बैठीं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सुनीता रायपुर के फाफाडीह, स्टेशन रोड और बैरनबाजार इलाकों में मां की तलाश कर चुकी हैं. उन्होंने पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर और शासन से मदद मांगी है. उनके पास मां की कोई तस्वीर या बचपन की स्पष्ट याद नहीं है, इसलिए पहचान करना उनके लिए और मुश्किल हो रहा है.
सऊदी अरब में हुई थी माता-पिता की मुलाकात
सुनीता के अनुसार, उनकी मां मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली थीं और नौकरी के लिए सऊदी अरब गई थीं. वहीं 1981 में उनकी मुलाकात अब्दुला मुश्तफा से हुई और दोनों ने शादी की. सुनीता के जन्म के छह महीने बाद जमुना उनसे अलग हो गईं. तीन साल बाद सुनीता की छोटी बहन शर्मिला का जन्म हुआ.
सुनीता के पिता 1991 में रायपुर आए थे और जमुना से मिले थे. उस समय शर्मिला फाफाडीह के सेंट जेवियर स्कूल में पढ़ती थीं. इसके बाद संपर्क धीरे-धीरे टूट गया.
सुनीता नीदरलैंड में सरकारी अनुवादक के तौर पर काम करती हैं और चार बच्चों की मां हैं. वह 14 दिन के वीजा पर रायपुर आई हैं. उनका कहना है कि लौटने से पहले वह मां को एक बार गले लगाना चाहती हैं.
