79वें वार्षिक अंतरराष्ट्रीय निरंकारी संत समागम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने चार एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी ठहराव जोड़ा है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से होकर गुजरने वाली इन दो जोड़ी ट्रेनों को उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल स्थित भोड़वाल माजरी स्टेशन पर दो-दो मिनट रुकने की अनुमति दी गई है.
यह व्यवस्था पहले 30 सितंबर से लागू होनी थी, लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए इसे 10 दिन पहले, यानी 20 सितंबर से शुरू किया गया है. यात्री 31 अक्टूबर तक इस ठहराव का लाभ उठा सकेंगे.
इन ट्रेनों को मिलेगा ठहराव
ट्रेन संख्या 20807 विशाखापटनम-अमृतसर हीराकुंड एक्सप्रेस भोड़वाल माजरी स्टेशन पर दोपहर 3:48 बजे पहुंचेगी और 3:50 बजे रवाना होगी. वापसी दिशा में ट्रेन संख्या 20808 अमृतसर-विशाखापटनम हीराकुंड एक्सप्रेस सुबह 5:56 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 5:58 बजे आगे जाएगी.
ट्रेन संख्या 20847 दुर्ग-शहीद कप्तान तुषार महाजन (ऊधमपुर) एक्सप्रेस सुबह 8:41 बजे भोड़वाल माजरी पहुंचेगी और 8:43 बजे रवाना होगी. ट्रेन संख्या 20848 शहीद कप्तान तुषार महाजन ऊधमपुर-दुर्ग एक्सप्रेस सुबह 9:35 बजे पहुंचेगी और 9:37 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी.
अस्थायी ठहराव से देश के अलग-अलग हिस्सों से समागम में आने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन तक पहुंचने और वापसी यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है.
