रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी बनाया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसकी आधारशिला रखी. केंद्र का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवा उद्यमियों को तकनीकी प्रयोग, अनुसंधान और स्टार्टअप विकास के लिए एकीकृत सुविधाएं उपलब्ध कराना है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता है, लेकिन उन्हें आधुनिक संसाधन, मार्गदर्शन और अवसरों की जरूरत है. उनके अनुसार, इस केंद्र के जरिए युवा अपने विचारों पर काम कर सकेंगे, प्रोटोटाइप तैयार कर सकेंगे और उन्हें व्यावसायिक उत्पाद या उद्यम में बदलने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि युवाओं को अवसरों के लिए बड़े शहरों की ओर जाने के बजाय राज्य में ही नवाचार और रोजगार सृजन का वातावरण मिलना चाहिए.

सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं होंगी

लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले केंद्र का कुल निर्मित क्षेत्रफल करीब 12,307 वर्गमीटर होगा. बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों वाले इस भवन में उभरती तकनीकों से जुड़ी सात प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी. इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स और ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स और कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन और साइबर सुरक्षा, 3D प्रिंटिंग और एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, एआर-वीआर और इंटरनेट ऑफ थिंग्स तथा क्लीनटेक और सस्टेनेबिलिटी शामिल हैं.

केंद्र में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन और को-वर्किंग स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र, एम्फीथिएटर और आवासीय सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं. नवोदित उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, प्रोटोटाइप विकसित करने की सुविधा और निवेशकों, बैंकों तथा सरकारी योजनाओं से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने की योजना है. इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक और ITI के विद्यार्थी तथा कार्यरत पेशेवर भी प्रशिक्षण और कौशल विकास सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे.

NIT छात्रों के तकनीकी मॉडल देखे

शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने NIT रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा विकसित स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों का अवलोकन किया. विद्यार्थियों ने AI आधारित कचरा प्रबंधन, दवाइयों की होम डिलीवरी, औद्योगिक उपकरणों और धातुओं में खराबी की पहचान तथा हेलमेट के जरिए सड़क सुरक्षा से जुड़े समाधान प्रस्तुत किए. मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक की सार्थकता तभी है, जब वह आम लोगों के जीवन को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर बनाए.

परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन की ओर से 71 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया जा रहा है. यह केंद्र रामदेव अग्रवाल की माता श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में स्थापित किया जा रहा है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. मुख्यमंत्री AI मिशन के तहत भी 500 करोड़ रुपये के निवेश और 100 AI डेटा लैब तथा पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने की दिशा में काम किए जाने की जानकारी दी गई. उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास की सुविधाएं बस्तर, सरगुजा सहित दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं तक पहुंचाना भी सरकार की प्राथमिकता है.