रायपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में सात नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की गई है. केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री किशन रेड्डी ने इन शोध केंद्रों का उद्घाटन किया. केंद्रों के जरिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष अनुसंधान, महत्वपूर्ण खनिज, एयरोस्पेस तकनीक, जनजातीय स्वास्थ्य, कंप्यूटेशनल मैकेनिक्स और सतत ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में काम किया जाएगा.
एनआईटी रायपुर में शुरू किए गए केंद्रों में एमईआईटीवाई इंडिया एआई छत्तीसगढ़ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन क्रिटिकल मिनरल्स और सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन शामिल हैं. इनके अलावा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एयरोस्पेस एंड ऑटोनॉमस टेक्नोलॉजीज, मैराल सेंटर फॉर इनोवेशन इन रूरल एंड ट्राइबल हेल्थ, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन कंप्यूटेशनल मैकेनिक्स तथा सेंटर फॉर नैनोसाइंस एंड सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज भी शुरू किए गए हैं.
इन केंद्रों को विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों, शोधार्थियों और उद्योग जगत के लिए साझा मंच के रूप में विकसित किया जाएगा. इनके माध्यम से व्यावहारिक समस्याओं पर शोध, संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग तथा नए स्टार्टअप को बढ़ावा देने की योजना है.
महत्वपूर्ण खनिज और ग्रामीण स्वास्थ्य पर जोर
कार्यक्रम में किशन रेड्डी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और सुशासन में बदलाव का माध्यम बन रही है. उन्होंने कहा कि आधुनिक शोध सुविधाएं युवाओं को तकनीकी नवाचार से जोड़ने में मदद करेंगी.
छत्तीसगढ़ की खनिज संपदा का उल्लेख करते हुए मंत्री ने महत्वपूर्ण खनिजों के वैज्ञानिक उपयोग को स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक उद्योग और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के लिए अहम बताया. उनके अनुसार, ग्रामीण और जनजातीय स्वास्थ्य में तकनीकी नवाचार दूरदराज के इलाकों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सहायक हो सकते हैं. उन्होंने युवा शोधार्थियों से वैज्ञानिक सोच और उद्यमिता अपनाने का आह्वान किया.
