भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका राज्य का पहला दौरा होगा. वे रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे.
नितिन नवीन के दौरे से पहले भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी 11 नवंबर को छत्तीसगढ़ पहुंचेंगी. वह सीधे धरमजयगढ़ जाकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेंगी. 15 नवंबर को स्मृति ईरानी भी मुख्य कार्यक्रम में नितिन नवीन के साथ शामिल होंगी.
गांवों से बूथ स्तर तक कार्यक्रम
भाजपा इस बार जनजातीय गौरव दिवस को केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय जनजातीय समाज के बीच संवाद और संगठन की पहुंच बढ़ाने के अभियान के रूप में आयोजित करेगी. गांवों से लेकर बूथ स्तर तक होने वाले कार्यक्रमों में बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह समेत जनजातीय नायकों के संघर्ष और बलिदान की जानकारी दी जाएगी. केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा.
कार्यक्रमों की रूपरेखा को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में कार्यशाला आयोजित की जा चुकी है.
30.6% आबादी अनुसूचित जनजाति वर्ग की
2011 की जनगणना के मुताबिक छत्तीसगढ़ में अनुसूचित जनजाति वर्ग की आबादी 30.6% है. राज्य की 90 विधानसभा सीटों में 29 सीटें एसटी वर्ग के लिए आरक्षित हैं. इसी वजह से भाजपा बस्तर, सरगुजा और अन्य क्षेत्रों में जनजातीय समाज के बीच संपर्क बढ़ाने पर जोर दे रही है. 15 नवंबर को प्रदेशभर में जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
