छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में NMDC की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्थानीय बेरोजगार युवाओं का प्रस्तावित आंदोलन बड़ा रूप ले सकता है. युवाओं ने 28 नवंबर को किरंदुल और बचेली स्थित NMDC परियोजनाओं के सामने प्रदर्शन करने की घोषणा की है. उनका दावा है कि दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा से सैकड़ों युवा इसमें शामिल होंगे.

युवा संगठनों की मुख्य मांग भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तारीख को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की है. संगठन सोशल मीडिया के जरिए समर्थन जुटा रहे हैं. उन्होंने कांग्रेस, भाजपा, आदिवासी समाज और अन्य राजनीतिक दलों तथा जनप्रतिनिधियों से भी आंदोलन के समर्थन की अपील की है. प्रदर्शनकारी दोनों परियोजनाओं का काम बंद कराने की तैयारी की बात कह रहे हैं.

पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई

प्रदर्शन के ऐलान के बाद किरंदुल और बचेली में पुलिस ने कानून-व्यवस्था के लिए तैयारी शुरू कर दी है. दंतेवाड़ा के ASP जितेंद्र कुमार खूटे के अनुसार, शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति होगी, लेकिन सड़क जाम करने, नुकसान पहुंचाने, लोगों को उकसाने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश पर कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने प्रदर्शन स्थल और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरों की व्यवस्था की है. अलग-अलग स्थानों पर सैकड़ों जवानों की तैनाती की जा रही है और गोपनीय सूचना तंत्र के जरिए भी जानकारी जुटाई जा रही है.

NMDC परिसर में भी तैयारी

आंदोलन की संभावना को देखते हुए NMDC प्रबंधन ने परियोजना परिसरों में राशन, पेट्रोल और डीजल का स्टॉक शुरू किया है. प्रवेश मार्गों पर बड़े गेट लगाए गए हैं, जिन्हें जरूरत पड़ने पर बाहरी लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए बंद किया जा सकता है. हालांकि, एक NMDC अधिकारी ने इन व्यवस्थाओं को नियमित प्रक्रिया बताया है.

युवा संगठनों ने कहा है कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक प्रदर्शन और धरना जारी रहेगा.