राष्ट्रीय खनिज विकास निगम लिमिटेड (एनएमडीसी) ने छत्तीसगढ़ के नगरनार में दो मिलियन टन प्रति वर्ष क्षमता वाले पेलेट प्लांट को 27 सितंबर को चालू कर दिया. कंपनी के अनुसार, यह 5,427 करोड़ रुपये की एकीकृत लौह अयस्क प्रसंस्करण, स्लरी परिवहन और पेलेट निर्माण परियोजना का महत्वपूर्ण चरण है.

इस परियोजना के तहत बचेली स्थित प्रसंस्करण संयंत्र को नगरनार के इस्पात संयंत्र से सीधे जोड़ा गया है. इसके लिए बचेली से नगरनार तक स्लरी पाइपलाइन बिछाई गई है.

पाइपलाइन के जरिए लौह अयस्क फाइन्स को नगरनार स्थित पेलेट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा. इससे सड़क और रेल परिवहन पर निर्भरता कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है. परियोजना का एक उद्देश्य लौह अयस्क फाइन्स का बेहतर उपयोग करते हुए उसके मूल्यवर्धन की क्षमता बढ़ाना भी है.