उत्तर छत्तीसगढ़ में ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है. सरगुजा संभाग में उत्तर भारत से आ रही ठंडी और शुष्क हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. अंबिकापुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रविवार को यह 12.9 डिग्री सेल्सियस रहा. बादलों की मौजूदगी के कारण रविवार को तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज हुई.

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है. फिलहाल उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में बादल छाए हुए हैं. मौसम साफ होते ही उत्तरी ठंडी हवाओं का असर बढ़ने और तापमान तेजी से नीचे जाने का अनुमान है.

पाट क्षेत्रों में बढ़ी ठिठुरन

सरगुजा संभाग के मैनपाट, सामरीपाट, जोकापाट और सोनहत जैसे पाट क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. यहां रातें अधिक सर्द हो गई हैं और शाम के बाद ठंडी हवाओं के कारण सड़कों पर आवाजाही कम हो रही है.

इन इलाकों में ओस की बूंदें जमने से सुबह के समय ठिठुरन और बढ़ गई है. रात के साथ सुबह-शाम भी लोगों को ठंड का अधिक अहसास हो रहा है.