चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से उत्तर छत्तीसगढ़ में मौसम बदल गया है. सरगुजा संभाग के अधिकांश इलाकों में घने बादल छाए हैं और शुक्रवार दोपहर बाद कई स्थानों पर बारिश हुई. पिछले 24 घंटे में सरगुजा जिले में 17.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

मौसम विभाग ने शनिवार को संभाग के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. शनिवार और रविवार को भी अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहने तथा छिटपुट बारिश का अनुमान है. सरगुजा और बलरामपुर जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की आशंका जताई गई है. सोमवार से बादल छंटने की उम्मीद है.

तापमान में बड़ा बदलाव

बारिश और बादलों के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है. गुरुवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि पाट क्षेत्रों में तापमान करीब 7 डिग्री तक पहुंच गया था. इसके बाद शुक्रवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री और शनिवार को 19 डिग्री तक पहुंच गया. अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 16 से 19 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. मौसम साफ होने के बाद ठंड फिर लौट सकती है.

धान खरीदी और फसलों पर असर

बेमौसम बारिश से धान की कटाई, मिसाई और खरीदी प्रभावित हुई है. शुक्रवार दोपहर बाद बारिश शुरू होने पर धान खरीदी बंद कर दी गई थी और शनिवार को भी समितियों में खरीदी नहीं हुई. समितियों में पहुंच चुके धान को पानी से बचाने के लिए ढंक दिया गया है.

बारिश से कटा हुआ धान भीग गया है. तैयार फसल को दोबारा सूखने में तीन से चार दिन लग सकते हैं, जिससे कटाई रुक गई है. कृषि विभाग के अनुसार खेत में खड़ी, अभी न कटी फसल पर अपेक्षाकृत कम असर पड़ने की संभावना है. मैनपाट में फूलों पर आ चुकी टाउ की फसल को नुकसान की आशंका से किसान चिंतित हैं. अन्य फसलों के लिए बारिश लाभकारी हो सकती है.