उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. बादलों का असर कम होने के साथ न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. मंगलवार सुबह संभाग के कई हिस्सों में कोहरा और धुंध छाई रही.
अंबिकापुर में मंगलवार का न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सोमवार को यह 18.1 डिग्री था. इस तरह 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब 3 डिग्री की गिरावट आई है. मौसम विभाग के अनुसार, बादलों के पूरी तरह छंटने के बाद ठंड और बढ़ सकती है.
बारिश के बाद अब मौसम साफ होने के संकेत
सरगुजा में शुक्रवार और शनिवार को बारिश हुई थी, जबकि रविवार को हल्की बारिश के साथ घने बादल छाए रहे. सोमवार से मौसम पर चक्रवाती तूफान अकवान का असर कम होने लगा और बादल छंटने लगे. मंगलवार को भी कुछ इलाकों में बादल रहने का अनुमान है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं बताई गई है.
मौसम में नमी बनी रहने के कारण आने वाले दिनों में घना कोहरा पड़ सकता है. मौसम में बदलाव के चलते उत्तरी सर्द हवाओं का असर पहले कम हो गया था, लेकिन मौसम साफ होने पर तापमान तेजी से नीचे जाने की संभावना है.
बारिश के कारण संभाग में धान की कटाई और मिसाई का काम प्रभावित हुआ था. खेतों में खड़ी फसल सूखने के बाद इन कामों में तेजी आने की उम्मीद है. पर्यटन क्षेत्र मैनपाट में भी मौसम साफ होने से ठंड बढ़ने के आसार हैं.
