रायपुर में 12 सितंबर 2026 को एनटीपीसी इलेक्ट्रॉन क्विज 2026-27 का क्षेत्रीय दौर आयोजित किया गया. इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट संस्थानों के विद्यार्थियों के लिए हुई इस प्रतियोगिता में करीब 110 टीमों ने हिस्सा लिया. इस वर्ष क्विज की थीम ‘एनीथिंग एंड एवरीथिंग फ्रॉम द वर्ल्ड ऑफ बिजनेस एंड मैनेजमेंट’ रखी गई थी.
क्षेत्रीय प्रतियोगिता के फाइनल राउंड में छह शीर्ष टीमों के बीच मुकाबला हुआ. आईआईएम रायपुर के अभिषेक मिश्रा और वरद नागेश जौरकर की टीम ने पहला स्थान हासिल किया. विजेता टीम को 60,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया. आईआईएम रायपुर के प्रतीक अहीर और सुश्रुत अग्रवाल की टीम दूसरे स्थान पर रही और उसे 40,000 रुपये मिले.
एसएसआईपीएमटी रायपुर के साहिल कुमार और ऋषभ कुमार अग्रवाल ने तीसरा स्थान हासिल किया. उनकी टीम को 20,000 रुपये का पुरस्कार दिया गया. आईआईआईटी नवा रायपुर की अदिति जोशी और मुबश्शिर अहमद की टीम चौथे, एनआईटी रायपुर के हर्ष मटलानी और दिव्य प्रताप सिंह सिसोदिया पांचवें तथा एनआईटी रायपुर के आयुष कुमार शर्मा और अयनांश शुक्ला छठे स्थान पर रहे. इन तीनों टीमों को 8,000-8,000 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया गया.
लिखित और बजर राउंड के बाद हुआ फैसला
प्रतियोगिता की शुरुआत ऑन-स्पॉट लिखित राउंड से हुई. इसके बाद ऑडियो-विजुअल और बजर राउंड आयोजित किया गया. क्विज का संचालन ग्रेसेल के क्विज मास्टर गौतम बोस ने किया.
क्षेत्रीय दौर की पहले और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीमें 7 और 8 अक्टूबर 2026 को नोएडा स्थित एनटीपीसी के पावर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट में होने वाले राष्ट्रीय सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेंगी.
इस मौके पर एनटीपीसी नवा रायपुर के महाप्रबंधक (एचआर) प्रवीण गर्ग ने कहा कि इलेक्ट्रॉन क्विज युवा प्रतिभाओं को अपनी क्विजिंग क्षमता दिखाने का मंच देता है. कार्यक्रम में एनटीपीसी अधिकारियों के अलावा राज्य के विभिन्न इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट संस्थानों के विद्यार्थी और दर्शक मौजूद रहे.
