बिलासपुर स्थित एनटीपीसी सीपत में कंपनी का 52वां स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख विजय शंकर दुबे ने ध्वज फहराकर की. केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया.
समारोह में दुबे ने कहा कि एनटीपीसी देश की कुल बिजली जरूरत का 25% उत्पादन कर रही है. उनके मुताबिक, देशभर में कंपनी के करीब 119 स्टेशन हैं और इनसे देश का हर चौथा बल्ब रोशन हो रहा है. उन्होंने एनटीपीसी की 51 साल की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया.
दुबे ने बताया कि एनटीपीसी की कुल स्थापित क्षमता करीब 91,668 मेगावाट है. छत्तीसगढ़ के सीपत सुपर थर्मल पावर स्टेशन की क्षमता 2,980 मेगावाट बताई गई. स्टेशन में 800 मेगावाट क्षमता वाली स्टेज-III परियोजना का निर्माण चल रहा है.
कार्यक्रम में नोएडा स्थित एनटीपीसी इंजीनियरिंग ऑफिस कॉम्प्लेक्स में आयोजित मुख्य स्थापना दिवस समारोह का सीधा प्रसारण भी देखा गया. एनटीपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह ने कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं और कंपनी के विस्तार लक्ष्यों की जानकारी दी. उन्होंने 2032 तक 149 गीगावाट और 2037 तक 244 गीगावाट क्षमता हासिल करने का लक्ष्य बताया.
पर्यावरण और सीएसआर गतिविधियां
स्थापना दिवस पर ग्राम गुड़ी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में एक दिन में 2,300 पौधे लगाए गए. कार्यक्रम में एनटीपीसी के सीएसआर फंड से 10 बालिकाओं को साइकिल और चार दिव्यांगजनों को बैटरी से चलने वाले ई-रिक्शे दिए गए.
एनटीपीसी सीपत के अनुसार, बालिका सशक्तिकरण अभियान के तहत हर साल करीब 130 बालिकाओं को एक महीने का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाता है. इनमें से 10 मेधावी बालिकाओं को कक्षा 12वीं तक बाल भारती पब्लिक स्कूल में मुफ्त शिक्षा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं. अब तक 641 बालिकाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि 53 मेधावी बालिकाओं की पढ़ाई और अन्य सुविधाओं की जिम्मेदारी एनटीपीसी सीपत ने उठाई है.
