दुर्ग जिले के पाटन जनपद की ग्राम पंचायत पाहंदा (अ) में सरपंच के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान के लिए विशेष सम्मेलन बुलाया गया है. प्रशासन के आदेश के अनुसार यह सम्मेलन 4 नवंबर को सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत भवन में आयोजित होगा.

सरपंच ईश्वरवती राजेश्वर ठाकुर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की सूचना आवेदक गंगाराम पटेल सहित 16 अन्य पंचों ने छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 के प्रावधानों के तहत दी थी. इसी आवेदन के आधार पर प्रशासन ने सम्मेलन की तारीख तय की है.

प्रशासन ने की व्यवस्था

विशेष सम्मेलन की अध्यक्षता के लिए अतिरिक्त तहसीलदार, पाटन को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है. मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी अमलेश्वर को आवश्यक पुलिस बल की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत सचिव को भी सूचना देकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है.

4 नवंबर को होने वाले सम्मेलन में अविश्वास प्रस्ताव पारित होता है या खारिज, इसी आधार पर सरपंच पद को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल प्रशासनिक आदेश के बाद पंचायत क्षेत्र में प्रस्ताव को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं.