मुरिया समाज ब्लॉक इकाई कोंडागांव के तत्वावधान में 22 पाली कोंडागांव-पलारी-डोंगरीगुड़ा का पारंपरिक गांयता जोहारनी कार्यक्रम रविवार को गाथा बड़ कोट पलारी में संपन्न हुआ. कार्यक्रम में समाज की परंपराओं, रीति-रिवाजों और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली. इसमें समाज के गांयता, पुजारी, पेरमा, पटेल, मांझी, चालकी, नाईक, पाईक, सियान, जुवान और माय-माताएं शामिल हुईं.

बूढ़ी माता की पूजा से शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत पलारी के गांयता सुद्दु राम मंडावी और पुजारी सावंत मंडावी की अध्यक्षता में बूढ़ी माता की अर्जी-विनती और पूजा-अर्चना से हुई. समाज के गांयता और पुजारियों ने पारंपरिक विधि-विधान से पूजा कर समाज की सुख-समृद्धि, शांति और एकता के लिए आशीर्वाद मांगा.

आयोजन में अतिथियों और समाज प्रमुखों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. मांदर की थाप, चिटकुली और मंदरी नाचा ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया. पारंपरिक वेशभूषा और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों के जरिए नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का संदेश दिया गया.

घोटुल परंपरा को सहेजने की अपील

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कोंडागांव विधायक लता उसेंडी रहीं. समाज प्रमुखों ने उनका स्वागत और सम्मान किया. मुरिया समाज के पूर्व अध्यक्ष दशरथ नेताम और बृज सोरी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.

लता उसेंडी ने कहा कि मुरिया समाज की संस्कृति और घोटुल परंपरा बस्तर की आत्मा है. उनके अनुसार, इस विरासत को सहेजना केवल समाज ही नहीं, बल्कि सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराते हैं.

समाज के पूर्व अध्यक्षों ने शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और एकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में भी बोली, भाषा, रीति-रिवाज और परंपराओं को जीवित रखना जरूरी है. बच्चों और युवाओं को संस्कृति से जोड़कर ही इस विरासत को आगे बढ़ाया जा सकता है.