जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर दो युवकों का रास्ता रोककर हमला करने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, चाकू लगने से गोलू उर्फ संजय मिरी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया. मामले में रितेश जायसवाल (25) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
पुलिस के मुताबिक, कमलेश यादव (33) ने 16 सितंबर को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, 15 सितंबर को गाय को मारकर भागने की बात को लेकर योगेश यादव और गोलू मिरी ने संतोष जायसवाल के साथ मारपीट की थी. कमलेश यादव इस घटना के गवाह बताए गए हैं.
इसके अगले दिन 16 सितंबर की रात करीब 8:15 बजे कमलेश यादव अपने दोस्त संजय मिरी के साथ मोटरसाइकिल से पामगढ़ जा रहे थे. पुलिस के अनुसार, चण्डीपारा मेन रोड पर यासनी मंजिल के पास आकाश जायसवाल, रितेश जायसवाल और मुक्कु यादव ने उनका रास्ता रोक लिया. पुराने विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हुई.
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आकाश जायसवाल ने संजय मिरी पर चाकू से वार किया. बचने की कोशिश के बावजूद चाकू उनकी पीठ में लग गया और वे मौके पर गिर पड़े. मुक्कु यादव पर कमलेश यादव को बेसबॉल स्टिक से पीटने, जबकि रितेश जायसवाल पर हाथ-मुक्के से हमला करने का आरोप है. कमलेश के सिर पर भी चोट आई है.
जांच के दौरान पुलिस ने चाकू, बेसबॉल स्टिक और रितेश जायसवाल की शर्ट-बनियान जब्त की है. पुलिस के अनुसार, कपड़ों पर संजय मिरी के खून के निशान मिले हैं. रितेश को 17 सितंबर को अकलतरा से पकड़ा गया. आकाश जायसवाल और मुक्कु यादव की भूमिका को लेकर जांच जारी है.
