राजनांदगांव पुलिस ने सत्यजीत देशमुख उर्फ पप्पू देशमुख हत्याकांड के दो कथित मुख्य फरार आरोपियों को रायपुर से गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, प्रफुल्ल साहू उर्फ विक्की और उसके साले मुकेश साहू को रायपुर के बसंत विहार इलाके में घेराबंदी कर पकड़ा गया. दोनों को अदालत के निर्देश पर जेल भेज दिया गया है.

पुलिस के अनुसार, वारदात 16 अगस्त की रात चिखली चौकी क्षेत्र में हुई थी. आरोप है कि प्रफुल्ल साहू, मुकेश साहू, बबलू साहू उर्फ बल्ला और एक नाबालिग पप्पू देशमुख के घर में जबरन घुसे और उनके साथ मारपीट की. गंभीर रूप से घायल पप्पू को आरोपी जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए थे. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. शिकायत के बाद पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया.

इस मामले में पुलिस पहले बबलू साहू उर्फ बल्ला और नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है. पुलिस का कहना है कि प्रफुल्ल और मुकेश गिरफ्तारी से बचने के लिए महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में लगातार ठिकाने बदल रहे थे.

पुलिस टीमों ने नागपुर, चंद्रपुर, अकोला, पुणे और शिर्डी समेत कई स्थानों पर दबिश दी. तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से रायपुर में दोनों के छिपे होने का सुराग मिला, जिसके बाद विशेष टीम ने कार्रवाई की.

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने अपने साथियों के साथ वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है. हालांकि, यह पुलिस का दावा है और मामले में अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होगा. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, प्रफुल्ल के खिलाफ चंद्रपुर जिले के गोंडपिपरी और दुर्गापुर थानों में पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं. मुकेश के खिलाफ भी पूर्व के आपराधिक प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है.