पाटन विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में सुनवाई जारी है. 5 नवंबर को हुई सुनवाई में याचिकाकर्ता और दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने अपना बयान दर्ज कराया. इसके बाद भूपेश बघेल की ओर से पेश अधिवक्ताओं ने करीब एक घंटे तक उनका प्रतिपरीक्षण किया, लेकिन सवाल-जवाब की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर 2026 को तय की है. उस दिन विजय बघेल का प्रतिपरीक्षण आगे जारी रहेगा. सुनवाई जस्टिस रवींद्र कुमार अग्रवाल की एकलपीठ में हुई.
सीलबंद मोबाइल को निगरानी में चार्ज किया गया
चुनाव याचिका से जुड़े साक्ष्य के तौर पर जमा सीलबंद मोबाइल फोन की बैटरी लंबे समय तक बंद रहने के कारण डिस्चार्ज होने की आशंका जताई गई. इसके बाद याचिकाकर्ता की ओर से मोबाइल को चार्ज करने की अनुमति मांगी गई. अदालत ने सभी पक्षों की मौजूदगी में तकनीकी कर्मचारी की निगरानी में इसे चार्ज कराने की अनुमति दी.
मोबाइल को दोपहर 3:15 बजे से शाम 4:30 बजे तक चार्ज किया गया. करीब एक घंटे 15 मिनट की चार्जिंग के बाद भी बैटरी 13 प्रतिशत तक ही पहुंच सकी. इसके बाद फोन बंद कर दोबारा सीलबंद कर दिया गया. सीलबंद लिफाफे पर विजय बघेल, उनके अधिवक्ता और भूपेश बघेल के अधिवक्ताओं ने हस्ताक्षर किए.
क्या है चुनाव याचिका
विजय बघेल ने 2024 के पाटन विधानसभा चुनाव में भूपेश बघेल के निर्वाचन को चुनौती दी है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि मतदान से पहले प्रचार बंद रहने की निर्धारित अवधि के दौरान भूपेश बघेल ने समर्थकों के साथ क्षेत्र में रैली और रोड शो किया. याचिका के अनुसार, इस दौरान चुनावी नारे लगाए गए और मतदाताओं से वोट मांगे गए.
याचिकाकर्ता ने इसे लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 126 का उल्लंघन बताते हुए निर्वाचन निरस्त करने की मांग की है. कथित गतिविधियों से जुड़ा एक वीडियो भी साक्ष्य के तौर पर पेश किया गया है. हाई कोर्ट ने अभी मामले में कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है.
